कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित

श्रीनगर, केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में आज मौसम ज्यादा खराब हो गया है जिससे दक्षिण कश्मीर में स्थित नुनवान पहलगाम आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल से किसी भी यात्री को आगे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा, “पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर कई स्थानों पर अभी भी बारिश हो रही है और कई जगहों पर सड़क की स्थिति फिसलन भरी हो गई है।” उन्होंने कहा कि, अधिकारियों ने मौसम में सुधार होने तक यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है ताकि किसी भी यात्री को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 1,300 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन किए।
उल्लेखनीय है कि एक जुलाई को तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद से, हिमशिव लिंग के दर्शन करने वाले यात्रियों की कुल संख्या 86 हजार से अधिक हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *