कांकेर में सभा लेंगे राजनाथ, 1 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रायपुर आ रहे हैं

रायपुर. 1 जुलाई शनिवार को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रायपुर आ रहे हैं। एयरपोर्ट पर कुछ देर रुकने के बाद वो सीधे कांकेर जिले के लिए रवाना होंगे। देश के रक्षा मंत्री नक्सल प्रभावित जिले में सियासी सभा करेंगे। खासतौर पर ब्लैक केट कमांडो का पुख्ता सुरक्षा घेरा होगा। राजनाथ बस्तर संभाग के जिले कांकेर में सुरक्षा बल के अफसरों स्थानीय भाजपा नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।

तय कार्यक्रम के मुताबिक राजनाथ सिंह शनिवार दोपहर दिल्ली से निकलकर विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास वो रायपुर पहुंचेंगे। यहां से BSF के हैलीकॉप्टर से राजनाथ कांकेर जाएंगे। कांकेर में नगर सैनिक ग्राउंड में रक्षा मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा सकता है। इसके बाद वह कांकेर के सर्किट हाउस में कुछ देर बिताने के बाद दोपहर 2:30 से 3:00 बजे के आसपास मेला भाटा ग्राउंड में आम सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4:30 से 5:00 बजे के आसपास राजनाथ सिंह रायपुर आ कर वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे

राजनाथ सिंह का ये दौरा सुरक्षा के लिहाज से भी संवेदनशील है। इसलिए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। राजनाथ सिंह के लिए ब्लैक कैट कमांडो की टीम तो तैनात रहेगी ही, स्थानीय पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्सेज भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाएंगे। कांकेर जिला प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को पूरे बस्तर संभाग से इस सभा में लोगों को जुटाने के काम पर लगाया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, डॉ रमन सिंह समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *