ग्लेन मैक्सवेल के साथ हुआ बड़ा हादसा, गोल्फ कार्ट से गिरे, इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे विश्व कप मैच

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल गोल्फ कार्ट से गिरकर चोटिल होने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चार नवंबर को विश्व कप का लीग मैच नहीं खेल सकेंगे। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने बताया कि मैक्सवेल गोल्फ कार्ट पर बैठे थे जब वह गिरे।

वह ऑस्ट्रेलिया के स्पिन आक्रमण का दारोमदार एडम जाम्पा के साथ संभालते हैं। इसके अलावा मध्यक्रम के अहम बल्लेबाज भी है, जिन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ दिल्ली में सिर्फ 40 गेंद में विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक बनाया था।

मैक्सवेल को इससे पहले मेलबर्न में नवंबर में एक बर्थडे पार्टी के दौरान भी दुर्घटना में पैर में फ्रेक्चर हो गया था। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बीच एक सप्ताह का ब्रेक होने के कारण खिलाड़ी गोल्फ का मजा ले रहे थे। पिछले साल इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो भी गोल्फ खेलते हुए गिर गए थे और टी20 विश्व कप नहीं खेल पाए थे जो इंग्लैंड ने जीता था।

ऑस्ट्रेलिया के लिए ये अच्छी खबर नहीं है। क्योंकि ग्लेन मैक्सवेल बल्लेबाजी और गेंदबाजी में टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल ने 7 मैच में 196 रन बनाए हैं और चार विकेट लेते हुए किफायती गेंदबाजी की है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पॉइंट्स टेबल में 6 मैच में 4 जीत के साथ चौथे स्थान पर है। टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए कम से कम दो मैच जीतने होंगे।

ऑस्ट्रेलिया के बचे हुए मैच इंग्लैंड, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ हैं। इंग्लैंड और बांग्लादेश की टीम लगातार हार से परेशान है, जबकि अफगानिस्तान ने जारी टूर्नामेंट में तीन मैच जीते हैं। अगर ऑस्ट्रेलिया अपने मैच हारती है तो उसे पाकिस्तान और अफगानिस्तान से कड़ी टक्कर मिल सकती है। क्योंकि सेमीफाइनल की रेस में ये दोनों टीमें भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *