पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से तीन की मौत 10 घायल

मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय में अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में आज विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गयी और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें एक को जबलपुर रैफर किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना में दुख व्यक्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी के अनुसार दमोह कोतवाली थाना अंतर्गत नया बाजार 5 बड़े पुल के पास अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में दोपहर अचानक विस्फोट हो गया। इस घटना में अपूर्व खटीक (19), रिंकी और एक अन्य की मौत हो गयी। वहीं, इस घटना में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से एक व्यक्ति को जबलपुर ले जाया गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दमोह में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन से बात कर घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के लिए कहा है एवं मृतकों एवं घायलों के परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने घटना में मृतकों के परिवार जनों से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है एवं ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों को अपने श्री चरणों में स्थान दे एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *