युवक ने बच्चे को डूबता देख डैम में लगाई छलांग, गहरे पानी में डूबने से हुई मौत

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दोस्तों की पिकनिक पार्टी उस वक्त में मातम बदल गई, जब उनमे से एक युवक डैम में डूबते बच्चे को बचाने के दौरान खुद डूब गया. दो घंटे के बाद युवक के शव को बाहर निकला जा सके. मृतक की पहचान 20 वर्षीय धीरज रात्रे के रूप में हुई है. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है.

चचई डैम में डूबा युवक

जानकारी के मुताबिक, जरहाभाठा क्षेत्र से करीब 10-15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने रतनपुर क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम गए थे. युवक डैम के आसपास घूम ही रहे थे, तभी उनकी नजर गहरे पानी में डूबते बच्चे पर पड़ी. उसे बचाने के लिए धीरज ने छलांग लगा दी.

धीरज ने किसी तरह पीठ पर बैठाकर बच्चे को बाहर निकाला. लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण खुद बाहर नहीं निकल सका. वह पानी में डूब गया. घटना से मौके पर उसके साथियों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस को घटना की सूचना दी गई.

2 घंटे बाद शव निकाला बाहर

पुलिस ने मौक पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया. लगभग दो घंटे तक मशक्कत के बाद धीरज के शव को बाहर निकाला जा सका. घटना से धीरज के परिजनों में मातम छा गया है. शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.