सरगुजा। अंबिकापुर में आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। आज सैकड़ों छात्र करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन व विभागीय व्यवस्था के खिलाफ शिकायत की। छात्रों ने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्रों का आरोप है कि स्कूल में कोचिंग के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब बड़े अधिकारी निरीक्षण के लिए आते हैं तब बेहतर और स्वादिष्ट भोजन परोसा जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में उन्हें खराब गुणवत्ता का चावल दिए जाते हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर चले जाते हैं। छात्रों ने बाल कटिंग और अन्य सुविधाओं में भी अनियमितता का आरोप लगाया।

जांच कर उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रयास स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के इस विरोध ने आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन जांच और सुधार का दावा कर रहा है।