आज छत्तीसगढ़ का बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी राज्य का तीसरा बजट प्रस्तुत करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दौरा कार्यक्रम भी निर्धारित है

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत निधन उल्लेख से की जाएगी। इस दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। श्रद्धांजलि के पश्चात प्रश्नकाल प्रारंभ होगा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्ययक प्रस्तुत किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे, जिस पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज पेश करेंगे राज्य का तीसरा बजट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि आज बजट पेश होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी राज्य का तीसरा बजट पेश करेंगे। इस बार के बजट का आकार 1 लाख 85 हजार करोड़ से 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। पिछले साल 2023-24 में 1 लाख 32 हजार करोड़ रुपये और साल 2024-25 में 1 लाख 65 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। इस बार के बजट में जल संसाधन विभाग पर विशेष फोकस हो सकता है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए भी बजट में प्रावधान किया जा सकता है। इसके अलावा शिक्षा, ग्रामीण और कृषि विकास के क्षेत्रों में भी इस बजट के माध्यम से जनता को नई सौगात मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ में जल बोर्ड गठन की तैयारी, बजट में हो सकती है बड़ी घोषणा

छत्तीसगढ़ में शहरी जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार जल बोर्ड के गठन की तैयारी कर रही है। यह बोर्ड दिल्ली, कर्नाटक और तमिलनाडु की तर्ज पर गठित किया जाएगा। नगरीय प्रशासन विभाग ने इसका विस्तृत मसौदा तैयार कर लिया है, जिसे वित्त विभाग को भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि आज पेश होने वाले बजट में जल बोर्ड के गठन को लेकर सरकार बड़ी घोषणा कर सकती है। सरकार इस बोर्ड का गठन विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए कर रही है। शुरुआती चरण में राज्य के 14 नगर निगम क्षेत्रों की जल आपूर्ति और सीवरेज प्रबंधन की जिम्मेदारी जल बोर्ड को सौंपी जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बड़ी नगर पालिकाओं को भी बोर्ड के दायरे में लाने की योजना है। जल बोर्ड का मुख्य लक्ष्य शहरों में घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना होगा, वहीं सीवरेज सिस्टम का बेहतर संचालन और प्रबंधन भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

सीएम विष्णुदेव साय का दौरा कार्यक्रम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नया रायपुर के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वे नया रायपुर स्थित सीएम हाउस पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक न्यू सीएम हाउस में रुकेंगे और उसके बाद वापस रायपुर स्थित सीएम आवास लौट आएंगे।

निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों की राष्ट्रीय गोलमेज संगोष्ठी

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 24 फरवरी को भारत मंडपम नई दिल्ली में निर्वाचन आयोग व राज्य चुनाव आयुक्तों की राष्ट्रीय गोलमेज संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह संगोष्ठी लगभग 27 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। इससे पूर्व ऐसी संगोष्ठी वर्ष 1999 में आयोजित हुई थी। इस गोलमेज संगोष्ठी की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू व डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ सहित सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य चुनाव आयुक्त अपने कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ इसमें भाग लेंगे। सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी इस सम्मेलन में शामिल होंगे। इस गोलमेज संगोष्ठी का प्राथमिक उद्देश्य अपने-अपने कानूनी ढांचे के भीतर चुनावी प्रक्रियाओं के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के कामकाज में तालमेल को बढ़ावा देना है।

CSMCL कमीशन घोटाला: EOW-ACB ने जेल में बंद अनवर ढेबर को किया गिरफ्तार

सीएसएमसीएल में कमीशन घोटाला मामले में जांच एजेंसी ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। मामले में ईओडब्ल्यू-एसीबी ने जेल में बंद आरोपी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पहले इस मामले में नवीन प्रताप सिंह तोमर, आबकारी अधिकारी को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया था।

MP के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं। वे 25 फरवरी को दोपहर 2.40 बजे रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। अगले दिन 26 फरवरी को दिग्विजय सिंह रायपुर से डोंगरगढ़ के लिए रवाना होंगे। डोंगरगढ़ में वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे वे डोंगरगढ़ से बालाघाट के लिए रवाना होंगे।

बीजेपी कार्यालय में सहयोग केंद्र का आयोजन 25 और 26 फरवरी को

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आम जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग केंद्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सहयोग केंद्र में 25 फरवरी को मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आमजन की समस्याएं सुनेंगे, जबकि 26 फरवरी को मंत्री राजेश अग्रवाल लोगों की परेशानियों को सुनेंगे। इस दौरान मंत्री मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *