छुइहा बांध पर बर्ड वॉक आयोजित, पक्षियों की 45 प्रजातियां चिन्हित

बलौदाबाजार। ​डीएफओ गणवीर धम्मशील की प्रेरणा से संचालित ‘युवान’ (YUVAN) पहल के अंतर्गत वन विभाग बलौदाबाजार ने आज सुबह पक्षी दर्शन (Bird Walk) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस वॉक में प्रकृति प्रेमियों ने छुइहा बांध और उसके आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों की विविध दुनिया को करीब से देखा।

​सुबह 6:15 बजे वन कार्यालय में एकत्रित होने के बाद 10 प्रतिभागियों का दल छुइहा बांध पहुंचा। पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा ने प्रतिभागियों को पक्षियों को पहचानने के विभिन्न गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि पक्षियों की पहचान केवल उनके रंग-रूप से ही नहीं, बल्कि उनकी आवाज (Bird Calls), उड़ने के तरीके और खान-पान की आदतों से भी की जा सकती है। इसके साथ ही दल ने क्षेत्र में पक्षियों के घोंसलों (Nesting Habitats) का बारीकी से अवलोकन किया।

​इस बर्ड वॉक के दौरान कुल 45 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान की गई। बांध के पानी और आसपास के पेड़ों पर पक्षियों का जमावड़ा देखने लायक था। प्रमुख प्रजातियों में शामिल थे।

  • ​जलीय पक्षी: यूरेशियन कूट (लगभग 100), यूरेशियन मूरहेन (करीब 100), ग्रे-हेडेड स्वैम्पेन, व्हाइट-ब्रेस्टेड वाटरहेन, और ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट।
  • ​अन्य पक्षी: यूरेशियन विजन, ग्रे फ्रेंकोलिन (तीतर), लाफिंग डव, स्पॉटेड डव, एशियन कोयल, ग्रेटर कूकल और व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर।
  • ​इसके अलावा ब्लैक काइट, पाइपेट और रेड-वॉटल्ड लैपविंग जैसे पक्षी भी प्रमुखता से देखे गए।

इस प्रकृति यात्रा में कुल 10 उत्साही प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें नरेन्द्र वर्मा, कुम्भज कुमार, टिकेश्वर निषाद, रिकेश्वर पैकरा, लोकेश यादव, अंजू वर्मा, टीना वर्मा, तन्वी मालकी, लावी मालकी और एरिक मालकी शामिल थे। हेमंत वर्मा ने कहा, चूंकि अब पक्षी बांध से पलायन (Migration) की तैयारी में हैं, ऐसे समय में यह वॉक उनके व्यवहार को समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रही। ‘युवान’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *