देश को दिल्ली से चलाना और पूरे देश में हिंदी का प्रयोग चाहती है भाजपा : राहुल

लखीमपुर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) चाहते हैं कि देश के हर हिस्से में हिंदी का इस्तेमाल हो और पूरे हिंदुस्तान पर दिल्ली से ही शासन हो।
श्री गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करने से पहले आज यहां कहा कि देश के युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा पूरा करने में असफल रही भाजपा सरकार अब देश को दिल्ली से चलाना चाहती है और उसकी कोशिश है कि पूरे देश में हिंदी का प्रयोग हो।
उन्होंने कहा, “भाजपा की विचारधारा है- हिंदुस्तान को दिल्ली से चलाया जाना चाहिए और सभी देशवासियों को हिंदी का प्रयोग करना चाहिए लेकिन कांग्रेस पार्टी का मानना है- हिन्दी भाषा के साथ-साथ आपकी क्षेत्रीय भाषा की भी जगह होनी चाहिए। न्याय यात्रा आपकी संस्कृति और इतिहास की रक्षा करने आई है।”
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत मणिपुर से करने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा
“मणिपुर में सिविल वॉर जैसा माहौल बना हुआ है, लोग मारे जा रहे हैं, घर जलाए जा रहे हैं लेकिन देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए।”
श्री गांधी ने कहा कि पिछले साल उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा दक्षिण से उत्तर की तरफ की थी और इस बार उन्हें पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों से मिलना का था इसलिए नॉर्थ ईस्ट से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *