इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की खजराना पुलिस ने सुनसान इलाके में राहगीरों से मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूट के तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। वहीं घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी बरामद की गई है।
जानकारी देते हुए डीसीपी अभिषेक आनंद ने बताया कि खजराना थाना क्षेत्र में लगातार मोबाइल लूट की घटनाएं सामने आ रही थी। जहां बाइक सवार बदमाश लगातार सुनसान इलाकों में राहगीरों से मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देकर निशाना बना रहे थे। वहीं घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किया जिसमें पुलिस को एक बाइक नंबर मिला जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपी दीपक पिता घनश्याम बरेडिया निवासी खजराना और सुनील पिता देवकरण गोस्वामी निवासी खजराना को पकड़ा।
पकड़े गए दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने नशे का शौक पूरा करने के लिए लूट की घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों से और भी घटनाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।
