रेणुका सिंह ने गोड्डा में संभाली कमान, निशिकांत दुबे के पक्ष में बना रहीं माहौल, दिया जीत का मंत्र

कोरिया : छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद भरतपुर सोनहत विधानसभा से भाजपा विधायक पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह भाजपा के लिए पड़ोसी राज्य झारखंड में भाजपा का चुनाव प्रचार प्रसार कर रही हैं। रेणुका सिंह यहां गोड्डा लोकसभा प्रभारी के तौर पर बीते 11 मई से मोर्चा संभाले हुई हैं। गोड्डा लोकसभा में 1 जून को आखिरी चरण में मतदान होना है।

रेणुका सिंह यहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही छत्तीसगढ़ से गए हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ 30 मई तक चुनाव प्रचार करेंगी। लोकसभा प्रभारी के तौर पर रेणुका सिंह यहां बूथ प्रबंधन से लेकर जनसम्पर्क के अलावा प्रचार प्रसार व डोर टू डोर कैम्पेनिंग का भी जिम्मा संभाल रही हैं। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने यहां वर्तमान सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे को चुनावी समर में उतारा है। दुबे के पक्ष में रेणुका सिंह यहां प्रचार कर रही हैं।

गौरतलब है कि रेणुका सिंह मोदी सरकार में जनजातीय मामलों की केंद्रीय राज्यमंत्री रही हैं। यहां विधायक रेणुका सिंह मोदी सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों को दे रही हैं। वहीं मोदी सरकार द्वारा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दे रही हैं। विधायक रेणुका सिंह पूरे लोकसभा क्षेत्र में बैठक लेकर बूथ जीतो, चुनाव जीतो का मूलमंत्र भी दे रही हैं। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में छह विधानसभा सीटें आती हैं। जिनमे देवघर, मधुपुर, जरमुंडी, पोड़ैयाहाट, महागामा और गोड्डा विधानसभा शामिल हैं।

बाबा बैद्यनाथ से क्षेत्र की खुशहाली की कामना

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व विधायक रेणुका सिंह ने गोड्डा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध बैद्यनाथ धाम देवघर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। वहीं अबकी बार 400 पार का नारा पूरा करने के लिए भोलेनाथ से प्रार्थना की। इसके अलावा रेणुका सिंह ने बासुकीनाथ मंदिर में भी पूजा अर्चना की। बासुकीनाथ मन्दिर का इतिहास सागर मंथन से जुड़ा हुआ है। कहा जाता है कि सागर मंथन के दौरान पर्वत को मथने के लिए वासुकी नाग को माध्यम बनाया गया था। इन्हीं वासुकी नाग ने इस स्थान पर भगवान शिव की पूजा अर्चना की थी। यही कारण है कि यहां विराजमान भगवान शिव को बासुकीनाथ कहा जाता है। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद बासुकीनाथ के दर्शन से पूजा पूर्ण मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *