विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत की लड़कियों ने किया कमाल…हासिल किया स्वर्ण पदक

नई दिल्ली। विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय लड़कियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए मेक्सिकों की शीर्ष टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक जीतने पर ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की भारतीय महिला कंपाउंड टीम को बधाई दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के लिए यह गर्व का क्षण है, क्योंकि हमारी असाधारण कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. हमारे चैंपियनों को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने इस उत्कृष्ट परिणाम को जन्म दिया है.

बता दें कि यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण था. बर्लिन, जर्मनी में आयोजित चैंपियनशिप के कंपाउंड महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में भारतीय तिकड़ी ने मैक्सिकन संयोजन डैफने क्विंटेरो, एना सोफा हर्नांडेज़ जियोन और एंड्रिया बेसेरा को 235-229 से हराया.

क्वालिफिकेशन राउंड में दूसरे स्थान पर रही भारतीय तिकड़ी ने सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन कोलंबिया को 220-216 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था. इसके पहले राउंड में बाई मिलने के बाद भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने क्रमशः क्वार्टर फाइनल और प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे और तुर्की को हराया. भारत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में नौ रजत और दो रजत सहित 11 पदक जीते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *