शिवनाथ नदी में गिरी पिकअप, हादसे में 2 बच्चों समेत 4 की मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक पिकअप वाहन नदी के पुल से नीचे गिर गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है। बैलेंस बिगड़ने की वजह से हादसा होना बताया जा रहा है। 4 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार को SDRF की टीम ने वाहन को नदी से बाहर निकाला। वाहन से एक महिला, दो बच्चे और चालक की लाश मिली है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। दुर्ग की पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के पुलगांव स्थित शिवनाथ नदी के पुराने पुल से पिकअप वाहन नदी में गिर गया। राजनांदगांव से दुर्ग की तरफ आते वक्त वाहन का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ है। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने वाहन को नदी से खोज निकाला। अंदर 4 लोगों के शव मिले हैं। चालक की पहचान बोरसी क्षेत्र के ललित साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के परिवार के लोगों का कहना है कि ललित खाना खाने गया था। सभी शवों को दुर्ग स्थित मरच्युरी भिजवा दिया गया है। हादसे की सूचना के बाद दुर्ग विधायक अरुण वोरा भी घटना स्थल पर पहुंचे।

SDRF की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान

चश्मदीदों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब एक बजे तेज रफ्तार पिकअप राजनांदगांव से दुर्ग की तरफ आते हुए सीधे नदी में जा गिरी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बुधवार की सुबह SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी से पिकअप को रस्सी से बांधकर बाहर निकाला जा रहा था। ट्रैक्टर के जरिए उसे खींचा गया तो रस्सी टूट गई। इसके बाद पिकअप वाहन को क्रेन के जरिए निकाला गया। यह हादसा है या आत्महत्या इस दोनों एंगल से पुलिस जांच कर रही है। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *