3 साल से लंबित मामलों पर कलेक्टर सख्त; गबन पर FIR, ड्रग तस्करों को 15 साल की सजा, 13 मवेशियों संग पशु तस्कर गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़। जिले में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को लेकर कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने कड़ी नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की वर्चुअल बैठक में उन्होंने राज्य स्तर से लंबित महिला एवं बाल विकास, नगरीय प्रशासन, सूचना का अधिकार, पीएम स्वनिधि, ई-श्रम पोर्टल, कौशल विकास, निर्वाचन, वन, कृषि, शिक्षा, श्रम, पर्यटन, विद्युत, बैंकिंग, नगर निकाय और राजस्व विभागों से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। तीन साल से अधिक समय से लंबित प्रकरणों पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित शाखाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

बैठक में आधार और मोबाइल बैंकिंग यूनिट से जुड़े लंबित प्रकरणों पर विशेष फोकस किया गया। आधार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विशेष आधार शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो और नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मोबाइल बैंकिंग यूनिट के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आधार अपडेट, आधार सीडिंग, डीबीटी लिंकिंग और बैंक खाता सत्यापन जैसी सेवाएं प्रदान की जाती हैं, लेकिन कमजोर मॉनिटरिंग के कारण कई प्रकरण लंबित हैं। इसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा और मॉनिटरिंग व्यवस्था को सख्त किया जाएगा।

पशु चिकित्सा विभाग में एक करोड़ से अधिक की गड़बड़ी, लेखा शाखा प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अंबिकापुर। कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा विभाग अंबिकापुर में शासकीय राशि के गबन के गंभीर मामले में थाना सिटी कोतवाली अंबिकापुर में सहायक ग्रेड-2 एवं प्रभारी लेखा शाखा प्रदीप कुमार अंबष्ट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उप संचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला द्वारा प्रस्तुत आवेदन और जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई। कार्यालयीन अभिलेखों की जांच के दौरान वित्तीय अनियमितता की आशंका पर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट में विभिन्न विभागीय योजनाओं और जिला पशु रोगी कल्याण समिति की राशि सहित कुल 1 करोड़ 7 लाख 84 हजार 340 रुपये शासकीय बैंक खातों में जमा नहीं किए जाने की पुष्टि हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कर्मचारी ने स्वयं निर्मित पदमुद्रा का उपयोग कर सीजीटीसी/एमपीटीसी रसीदें जारी कीं और प्राप्त राशि को शासकीय खातों में जमा नहीं किया। बैंक स्टेटमेंट की जांच में उक्त राशि का कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

नशीली दवाओं की तस्करी: दो आरोपियों को 15-15 साल सश्रम कारावास

अंबिकापुर। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट अतुल कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने नशीले इंजेक्शन और टैबलेट की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 15-15 वर्ष के सश्रम कारावास और डेढ़-डेढ़ लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। दोषियों में गायत्री सिंह (30), निवासी खालपारा श्रीनगर, सूरजपुर को धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा मोहम्मद फरीद (38), निवासी त्रिपुरेश्वर श्रीनगर, सूरजपुर को धारा 29 सहपठित धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडित किया गया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर एक-एक वर्ष अतिरिक्त सश्रम कारावास का प्रावधान है।

न्यायालयीन सूत्रों के अनुसार 8 अगस्त 2024 को गांधीनगर थाना के तत्कालीन निरीक्षक प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अजिरमा, बुधवारी बाजार के पास दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। मामले में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र कुमार पांडेय ने की।

पशु तस्करी पर बलरामपुर पुलिस की कार्रवाई, 13 मवेशी जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे) के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24–25 फरवरी की दरम्यानी रात थाना चलगली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर सूचना पर ग्राम केनापारा भगवानपुर में कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 4888 एवं एक अन्य पिकअप वाहन से 13 मवेशियों को कथित रूप से बूचड़खाने ले जाते हुए जब्त किया।मामले में क्रेटा कार क्रमांक CG04 LD 3949 से रास्ते की रेकी कर रहे आरोपी ऐनुलाह अंसारी और सूर्यजीत पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी चलगली ने बताया कि प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध रेत खनन पर प्रशासन की सख्ती, वाहन जब्त; 960 घनमीटर रेत भी जब्त

जशपुर। अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित जांच कर कार्रवाई की है। सहायक खनि अधिकारी ने बताया कि ग्राम भुड़केला, तहसील जशपुर में वाहन क्रमांक CG 14 MG 1390 द्वारा अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी तरह तहसील फरसाबहार क्षेत्र में ईब नदी से अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की जांच के दौरान 9 फरवरी 2026 को 960 घनमीटर रेत अमय कंस्ट्रक्शन, जशपुर से जब्त की गई थी। इस प्रकरण में भी अधिनियम की धारा 21 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि तहसील फरसाबहार अंतर्गत ईब नदी पर ग्राम बलुवाबहार में वैध रेत खदान स्वीकृत है। इसके अलावा अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और सुव्यवस्थित खनन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ग्राम दाईजबहार (1 हेक्टेयर), ग्राम खारीबहार (4 हेक्टेयर) तथा ग्राम बरकसपाली (1 हेक्टेयर) को रेत खदान घोषित कर निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सतत निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार से गांजा की खेप लेकर पहुंचे तस्कर, चार आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। लैलूंगा से गांजा लेकर कार से आ रहे चार तस्करों को रघुनाथपुर चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर कुल 4 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार 26 फरवरी को रघुनाथपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार क्रमांक CG 10 AL 8571 से तीन तस्कर लैलूंगा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं और गंगापुर निवासी मुरारीलाल चौबे को बिक्री करने की योजना है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गंगापुर क्षेत्र में घेराबंदी की। मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध गतिविधि करते पाए जाने पर आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं पास में काले रंग का बैग लेकर खड़े मुरारीलाल चौबे के बैग से भी 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 4 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने हेमसागर यादव (26) निवासी ग्राम नारायणपुर मुड़ापारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़, खीरो यादव (25) निवासी झरिया चौकी कोलेनझरिया थाना तुमला जिला जशपुर, भूपेंद्र यादव (24) निवासी पोतरा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा मुरारीलाल चौबे (35) निवासी ग्राम गंगापुर चौकी रघुनाथपुर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *