मुख्यालय से ऑर्डर लेती है ईडी व सीबीआई : डॉ. पाठक

रायपुर । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री व राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा समन भेजे जाने को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल को रोकने भाजपा षड्यंत्र रच रही है। भाजपा श्री केजरीवाल को खत्म करना चाहती है। ईडी व सीबीआई भाजपा मुख्यालय से ऑर्डर लेती है।
डॉ. पाठक ने कहा कि जिस तरह से भाजपा षड्यंत्र कर पूरी प्रक्रिया को अंजाम दे रही थी, इससे उसका उददेश्य स्पष्ट है। भाजपा श्री केजरीवाल को फंसाना चाहती है। अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता से भाजपा डरी हुई है। डॉ. पाठक ने कहा कि भाजपा का एकमात्र उद्देश्य है कि किसी तरह अरविंद केजरीवाल को राजनीतिक रूप से खत्म किया जाए। भाजपा ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी को हराने पूरी ताकत लगा दी। लेकिन सफलता नहीं मिली। देश में आम आदमी पार्टी के विस्तार को देखकर पार्टी के बड़े नेताओं को झूठे आरोपों में गिरफ्तार
करना शुरू किया गया है। आप नेता कहा कि सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल में डाल दिया गया है। इसके बाद भी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ते देख अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया गया है। राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पा रही भाजपा- डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि यह एक राजनीतिक लड़ाई है, जिसे भाजपा जनता के सामने नहीं लड़ पा रही है। इसीलिए ईडी व सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा और उसकी सरकार चाहे जो कर ले, श्री केजरीवाल को खत्म करना उसके बस की बात नहीं है, क्योंकि श्री केजरीवाल सच्चाई के साथ खड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *