कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की वजह से डेवन कॉनवे सीरीज के चौथे मैच से बाहर

नई दिल्ली. पाकिस्तान के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की टीम को एक बड़ा झटका लगा। टीम के सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे कोविड 19 की चपेट में आ गए हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की वजह से डेवन कॉनवे सीरीज के चौथे मैच से बाहर हो गए हैं। इस सीरीज के दूसरे मैच से पहले मिचेल सैंटनर को भी कोविड 19 पॉजिटिव पाया गया था। इस तरह न्यूजीलैंड की टीम में ये कोरोना की दूसरी स्ट्राइक है।

ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर दूसरे टी20 मैच से पहले कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की वजह से मुकाबले का हिस्सा नहीं बने थे। उस मैच में केन विलियमसन के चोटिल होने की वजह से टिम साउदी ने कप्तानी की थी, जबकि अगले मैच में सैंटनर की वापसी हो गई थी और उन्होंने कप्तानी की थी। उसी तरह चौथे मैच में वे भी कप्तान हैं और उन्होंने टॉस के समय बताया कि डेवन कॉनवे इस मैच से बाहर हो गए हैं, क्योंकि वे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

इस सीरीज की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली है। पाकिस्तान के पास अब सीरीज जीतने का मौका तो नहीं, लेकिन आखिरी के दो मैचों में अपनी लाज बचाने का मौका है, क्योंकि इससे पहले पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीन टेस्ट मैच हारकर यहां पहुंची थी। उससे पहले टीम ने वनडे विश्व कप में हिस्सा लिया था, जहां टीम का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *