रायपुर। सिख समाज की सर्वोच्च संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का मंगलवार को धर्म प्रचार कमेटी अमृतसर के बलविंदर सिंह कालरा और ओएसडी अमृतसर सतबीर सिंह के साथ राजधानी रायपुर आगमन हुआ। यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास रहा। सुबह स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनका भाई तारू सिंघ फाउंडेशन के मुखी त्रिलोचन सिंघ काले, जसपाल सिंघ लाटा, गुरभेज सिंघ खनूजा, सोनू सलूजा, पप्पू दामाखेड़ा के नेतृत्व में फाउंडेशन के सेवादारों ने भव्य स्वागत किया।

इसके बाद वे समाज जनों के साथ होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल पहुंचे, जहां सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों व सिख सामाजिक संस्थाओं की एक सभा हुई, जिसमें उन्होंने सामाजिक गतिविधियों पर विस्तृत विमर्श कर सभी कमेटियों से आग्रह किया कि वे धार्मिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में भी कार्य करें। साथ ही छत्तीसगढ़ में जारी सिख मिशन के कार्यक्रमों में और तेजी लाने का आह्वान किया।

इस दौरान विभिन्न स्थानीय सिख संगठनों ने छत्तीसगढ़ अंचल से जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए अमृतसर में आवास व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। इस पूरे कार्यक्रम में जगजीत सिंघ खनूजा, बलदेव सिंघ भाटिया, अमरजीत सिंग छाबड़ा, गुरमुख सिंघ होरा, कुलदीप जुनेजा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के अध्यक्ष-सचिव समेत बड़ी संख्या में दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारी सम्मिलित थे। धर्मसभा के समापन उपरांत वे रावांभाठा में नवीनीकृत गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने संगत को संबोधित करते हुए सिख मिशन के सेवा कार्यों व कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान गुरुद्वार के जीर्णोद्धार व हॉल की आंतरिक साज-सज्जा में योगदान देने के लिए जगजीत सिंघ खनूजा का सम्मान हुआ।
साथ ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से धामी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गुरुद्वारे के उद्घाटन उपरांत धामी अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय और देवेंद्रनगर में संचालित दवाई के लंगर स्थल भी पहुंचे। वापसी में वे देवपुरी गुरुद्वारे भी पहुंचे, जहां उन्होंने सिक्ख मिशन के कार्यक्रमों की जानकारी ली। इसके बाद वे वापसी विमान से अमृतसर के लिए रवाना हुए। उनके इस प्रवास कार्यक्रम की व्यवस्था में जगजीत सिंघ खनूजा व जी.एस. भाम्बरा की प्रमुख भागीदारी रही।

राज्य अल्पसंख्यक आयोग दफ्तर में आत्मीय स्वागत
राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय में हरजिंदर सिंह धामी व अन्य अतिथियों के आगमन पर उनका आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा द्वारा भव्य व आत्मीय स्वागत किया गया। इस प्रसंग पर उन्हें स्मृति स्वरूप श्रीहरिमंदिर साहिब-स्वर्ण मंदिर अमृतसर की सुंदर प्रतिकृति भेंट की गई। अतिथियों के हाथों इस दौरान राष्ट्रीय खेल गतका में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बने राजवीर सिंह व अन्य प्रमुख खिलाड़ियों को मेडल भेंट कर नवाजा गया। साथ ही राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मनतृप्त कौर संधू का भी सम्मान हुआ। इस मौके पर समाजसेवी व छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, जी.एस. भामरा, जगजीत सिंह खनूजा समेत समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे।
देवेंद्रनगर में जोशीला स्वागत
हरजिंदर सिंह धामी व उनके साथ अमृतसर से आए बलविंदर सिंह व सतबीर सिंह अपने रायपुर प्रवास के अंतर्गत पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के देवेंद्रनगर स्थित कार्यालय भी पहुंचे। जहां उनका जोशीला स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान हरजिंदर धामी ने कुलदीप जुनेजा द्वारा संचालित दवाई का लंगर सेवा और उनकी कार्यशैली की विशेष सराहना की। इस मौके पर गुरमुख होरा, बलदेव भाटिया, गुरुचरण होरा, इंदरजीत छाबड़ा, कुलदीप चावला आदि सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
