यमन में जेल पर सऊदी एयरस्ट्राइक से हड़कंप, 7 लोगों की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

यमन के उत्तरी हिस्से में सोमवार को एक जेल पर हमला हुआ. हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक करने का आरोप लगाया है. जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई. अब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर आरोप लगाया है कि हमला उसकी ओर से किया गया है. हूती संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मलबे के नीचे 35 कैदी और अपने पति से मिलने आई एक महिला फंसी हुई है. हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर उत्तरी यमन के जौफ प्रांत में एक जेल को हवाई हमले में निशाना बनाने का आरोप लगाया है.

यमन में संघर्ष बीच एक बार फिर से हमलों का दौर जारी है. हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर हवाई हमला करने का आरोप लगाया है. सऊदी एयरस्ट्राइक में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है. सऊदी अरब ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

यह हमला रणनीतिक रूप से अहम अल-जौफ प्रांत के हज्म शहर में स्थित सेंट्रल करेक्टिव फैसिलिटी पर हुआ जिसमें एक हिस्सा हमले के बाद मलबे में बदल गया. जेल वार्डन के मुताबिक, 35 कैदी और पति से मिलने आई एक महिला मलबे में फंसे थे.

जानकारी के अनुसार, हूती मीडिया की ओर से हमले के बाद के वीडियो भी प्रसारित किए गए हैं. फुटेज में क्षतिग्रस्त इमारत, चारों तरफ फैला मलबा और रेस्क्यू टीमें लोगों की तलाश करती दिखाई दे रही हैं.

हमले के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. रेस्क्यू टीमें मलबे को हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं. अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है.

हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने दावा किया कि हूती बलों ने पिछले 24 घंटे के दौरान सऊदी अरब के चार टोही ड्रोन मार गिराए हैं. हालांकि, अभी तक इन दावों की न कोई पुष्टि हो सकी है और न ही सऊदी अरब की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया आई है.

आपको बताते चले कि जेलों पर हमले यमन की जंग में पहले भी हो चुके हैं. 2022 में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के एक हमले में सादा की एक डिटेंशन फैसिलिटी में कम से कम 87 कैदियों की मौत हुई थी. यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के विशेष दूत हंस ग्रंडबर्ग ने कहा है कि हाल के दिनों में हूती लड़ाकों की ओर से अलग-अलग मोर्चों पर किए गए हमले बेहद चिंताजनक घटनाक्रम हैं.