मुंगेली। जिले के ग्राम पंचायत डोड़ा के ग्राम डोड़ा में पिछले करीब 45 दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले विद्युत विभाग द्वारा 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह ट्रांसफार्मर महज एक दिन बाद ही जल गया। इसके बाद गांव में एक बार फिर बिजली संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली बंद होने से पेयजल, कृषि कार्य और रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर दूसरे गांव तक जाना पड़ रहा है। वहीं बिजली नहीं होने से किसानों को कृषि कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिना नहाए कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे ग्रामीण
बिजली और पेयजल संकट की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि समस्या की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों में से कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या के चलते वे नहाए तक नहीं थे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली बंद होने से पानी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, जिसके कारण रोजमर्रा के कामों के साथ व्यक्तिगत जरूरतों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण अपनी परेशानी लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे और जल्द समाधान की मांग की।
जल जीवन मिशन का पानी भी घरों तक नहीं पहुंच रहा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन मौजूदा समय में लोगों के घरों तक योजना का पानी नहीं पहुंच रहा है। बिजली संकट के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित होने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है। ऐसे में एक ओर जहां ग्रामीणों को पेयजल के लिए 2 से 3 किलोमीटर दूर दूसरे गांव तक जाना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन के तहत घरों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रभावित बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बिजली के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को भी जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
सीएम हेल्पलाइन से लेकर विभाग तक शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। कुछ दिन पहले 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद ग्रामीणों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रांसफार्मर के अगले ही दिन जल जाने से समस्या दोबारा खड़ी हो गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनों को आवेदन सौंपकर गांव में 100 केवीए क्षमता के दो नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों की समस्या पर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि शीघ्र ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। अब ग्रामीणों को प्रशासन के निर्देश के बाद बिजली व्यवस्था बहाल होने और पेयजल सहित कृषि कार्यों में आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।