रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मुंबई जा रहे यात्रियों का सफर उस वक्त यादगार बन गया, जब उन्हें आसमान में ही मशहूर गायक सोनू निगम की लाइव परफॉर्मेंस देखने और सुनने का मौका मिला. फ्लाइट में मौजूद सोनू निगम ने यात्रियों की फरमाइश पर अपने कई लोकप्रिय गाने गाकर समां बांध दिया. अचानक मिले इस म्यूजिकल सरप्राइज से यात्री भी उत्साहित नजर आए. इस खास पल को यात्रियों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फ्लाइट में सोनू निगम का लाइव कॉन्सर्ट
जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में सफर कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने यात्रियों के बीच अपने गानों की प्रस्तुति दी. फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने उनसे अपने पसंदीदा गाने सुनाने की फरमाइश की. इसके बाद सोनू निगम ने उन्हें बिना निराश किए मशहूर गाने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ गाना गाया. आसमान में अचानक मिले इस लाइव म्यूजिकल सरप्राइज ने फ्लाइट के माहौल को खुशनुमा बना दिया. यात्रियों ने भी साथ में गुनगुनाते हुए गानों का आनंद लेते.
लाइव कॉन्सर्ट के लिए रायपुर आए थे सोनू निगम
गौरतलब है कि सोनू निगम रायपुर में लाइव कॉन्सर्ट के लिए पहुंचे थे. रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में उन्होंने पर प्रस्तुति दी. इसके बाद अगले दिन वह मुंबई लौट रहे थे. इसी दौरान फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने का मौका मिला.