YouTube पर आकर्षक विज्ञापन का झांसा देकर 26.92 लाख की ठगी, ओडिशा की जेल से आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां यूट्यूब (YouTube) पर आकर्षक विज्ञापन दिखाकर निवेश पर अधिक ब्याज देने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तुषार भांजों को ओडिशा के कटक स्थित जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 26 लाख 92 हजार रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी तुषार भांजों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया था। वह YouTube पर आकर्षक विज्ञापन दिखाकर निवेश पर अधिक ब्याज देने का झांसा देता था। आरोपी ने खुद को ट्रांसविजन ड्रीम मल्टीट्रेड लिमिटेड और हरित कृषि निधि लिमिटेड नामक कंपनियों का संचालक (CMD) बताकर कई लोगों से निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की थी।

EOW के मामले में पहले से जेल में बंद था आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के एक मामले में जेल में बंद था। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने उसे कटक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।