राहुल का खेत मजदूरों से संवाद कांग्रेस की संवेदनशीलता का प्रतीक: खड़गे

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी का ट्रैक्टर चलाकर खेतों में जाना और खेत मजदूरों के साथ काम करते हुए उनसे संवाद करना इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस किसान हितैषी और अन्नदाता के प्रति संवेदनशील है।
श्री गांधी के आज सुबह हरियाणा में सोनीपत के नजदीक गोहाना में ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे और खेत मजदूरों के साथ संवाद करते हुए धान की रोपाई भी की। उन्होंने खाट पर बैठकर भोजन किया और खेत मज़दूरों के साथ बातचीत भी की। श्री गांधी के खेत मजदूरों से हुए इस संवाद के बाद श्री खड़गे ने यह टिप्पणी की है।
श्री खड़गे ने ट्वीट किया, “हमारा अभिमान,भारत के किसान। जन-जन को एकजुट करना है, सबको साथ लेकर चलना है। आज हरियाणा के सोनीपत में हमारे अन्नदाता किसानों और मेहनतकश खेत-मज़दूरों से श्री राहुल गांधी ने संवाद किया। ये कांग्रेस पार्टी की संवेदनशीलता को दर्शाता है।”
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा “भारत जोड़ो यात्रा का एक महत्वपूर्ण विषय किसानों और उनके परिवारों का कल्याण था। राहुल गांधी हमेशा उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने आज सुबह हरियाणा के सोनीपत ज़िले में गोहाना के पास किसानों के साथ काफी समय बिताया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *