भाजपा ने जनादेश का अपमान करके महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है:कांग्रेस

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनादेश का अपमान करके महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है और कांग्रेस कार्यकर्ता उसके इस जनविरोधी कदम का करारा जवाब देगी।
श्री खड़गे ने कहा,“भाजपा ने अपनी ‘वॉशिंग मशीन’ का इस्तेमाल करके, महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुँचाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी इस राजनैतिक जालसाज़ी का बराबर जवाब देगी।”
उन्होंने कहा,“महाराष्ट्र की जनता भाजपा द्वारा किए जनादेश पर लगातार हमलों का कड़ा राजनैतिक उत्तर देगी। हमारे नेता और कार्यकर्ता, महाराष्ट्र की जनता को उनको अपनी सरकार वापस दिलाएंगे। हम महाराष्ट्र की जनता के मन में अपनी जगह हमेशा से बनाए हुए हैं। महाराष्ट्र और कांग्रेस के गौरवशाली रिश्ते को हम और मज़बूत करेंगे।”
श्री गांधी ने कहा,“आज, माननीय कांग्रेस अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक हुई। महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी का गढ़ है और हमारा ध्यान वहां कांग्रेस पार्टी को मज़बूत करने और लोगों की आवाज उठाने पर केंद्रित है। हम मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि इस जनविरोधी सरकार की हार हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *