उम्र बढ़ने पर महिलाओं को क्यों होती है मां बनने में दिक्कत…

बढ़ती उम्र के साथ फीमेल फर्टिलिटी घटने लगती है। यह बात अक्सर पढ़ने और सुनने में आती है। करियर ओरिएंटेड महिलाएं पढ़ाई और जॉब में खुद को स्थापित करने की वजह से जल्दी मां  बननने की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहतीं। ज्यादातर हेल्थ एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि 35 साल के बाद गर्भ धारण की संभावनाएं काफी कम हो जाती हैं। कई लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर ऐसा क्यों होता है। साथ ही अगर ऐसा हो तो क्या किया जाए जो ऐसा न हो। यहां जानें महिलाओं की प्रजनन क्षमता से जुड़ी कुछ बातें।

उम्र के साथ खत्म होने लगते हैं एग्स
महिलाओं में मां बनने की उम्रअब 30 से 40  साल तक भी पहुंच रही है। ऐसे में कई लोगों को यह डर सताने लगता है कि वे मां बन पाएंगी या नहीं। दरअसल उम्र के साथ महिलाओं की ओवरी की उम्र भी बढ़ती है। साथ ही एग्स की संख्या कम हो जाती है। महिलाओं को जन्म के समय निश्चित मात्रा में एग्स मिलते हैं। वे नए एग नहीं बना पातीं। साल दर साल इन एग्स की संख्या घटती जाती है। साथ ही जो एग्स बचते हैं उनकी क्वॉलिटी अच्छी नहीं होती। यही वजह है कि बड़ी उम्र में जब महिलाएं कंसीव करने की कोशिश करती हैं तो मिसकैरिज के चांसेज बढ़ जाते हैं और बच्चों में डाउन सिंड्रोम होने का डर रहता है।

क्या रोका जा सकता है एग्स का घटना?
बढ़ती उम्र के साथ फर्टिलिटी का घटना एक नैचुरल प्रॉसेस है। इसे किसी डायट, एक्सरसाइज या थेरेपी से रोका नहीं जा सकता। हालांकि यहां यह ध्यान देने वाली बात है कि प्रेग्नेंसी के चांसेज घटते हैं खत्म नहीं होते। आप कुछ भी करके एग प्रोडक्शन नहीं बढ़ा सकते लेकिन अपना रिप्रोडक्टिव सिस्टम हेल्थी रख सकते हैं। इसके अलावा एग फ्रीजिंग जैसे ऑप्शंस भी चुने जा सकते हैं। ध्यान रखें एग फ्रीज भी 34 साल की उम्र तक कर लेने चाहिए।

इन कंडीशंस में करवाएं टेस्ट
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि महिलाओं के लिए मां बनने की सही उम्र 20 से 30 साल तक होती है। अगर आपकी एज 35 साल से ज्यादा है और 6 महीने तक रेग्युलर सेक्स के बाद भी कंसीव नहीं कर पा रही हैं तो डॉक्टर्स से इनफर्टिलिटी इवैलुएशन करवा लेना चाहिए। वहीं 40 की उम्र में मां बनना चाह रही हैं तो ट्राई करने से पहले ही जांचें करवा लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *