इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शहर में बीते दो दिनों में डेंगू के 12 नए मरीज सामने आए है। जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 48 पहुंच गई है। जिले में 1130 स्थानों पर लार्वा पाया गया, जिसे नष्ट कर दिया है।
दरअसल, बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने के कारण बीमारियां पैर पसार रही है। इंदौर में पिछले दो दिनों में डेंगू के 12 नए केस सामने आए है। शहर में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 48 पहुंच गई है। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, नए मरीज भोलाराम उस्ताद मार्ग, साजन नगर और बिचौली क्षेत्र में मिले हैं। इन क्षेत्रों में लार्वा रोधी अभियान चलाया जा रहा है। इंदौर शहर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जनवरी से अब तक 54 हजार घरों का सर्वे कर चुके हैं। इनमें से 1130 स्थानों पर लार्वा पाया गया, जिसे नष्ट कर दिया है।
जिन क्षेत्रों में डेंगू के नए मरीज मिले हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग दवा का छिड़काव कर रहा है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बीमारी से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने और रुके हुए पानी को साफ कर मच्छर का लार्वा उत्पन्न होने से रोकने के लिए कदम उठाने कहा जा रहा है।
