हमास के 1500 आतंकियों के शव मिलने का दावा, ताबड़तोड़ हमले जारी

इजरायल और हमास के बीच युद्ध तीन दिन से जारी है। इस युद्ध में 1600 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। हमास के हमले के बाद जवाबी पलटवार में बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी भी मारे गए। वहीं इजरायली सेना ने दावा किया है कि इजरायल की सीमा में 1500 से ज्यादा हमास आतंकियों के शव पाए गए हैं। सेना के प्रवक्ता रिचर्ड हेच के मुताबिक गाजा बॉर्डर पर सेना ने नियंत्रण पा लिया है।

इजरायल ने कहा कि कल शाम से कोई भी घुसपैठ नहीं हुई है लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि आतंकी दोबारा हमला नहीं कर सकते। सेना ने सीमाई इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। ऑपरेशन जारी रहेगा। बता दें कि इजरायल के हमले में फिलिस्तीन में कम से कम 700 लोगों के मारे जाने की खबर आई है। वहीं इजरायल के समर्थन में अमेरिका, यूके समेत कई ताकतवर देश खड़े हैं। भारत समेत बड़े देशों ने हमास के हमले की निंदा भी की है।

मंगलवार को वाइट हाउस की तरफ से एक संयुक्त बयान जारी किया गया है। फ्रांस, अमेरिका, जर्मनी और यूके की तरफ से जारी इस बयान में कहा गया है कि हमास जैसे आतंकी संगठन को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस तरह के हिंसक संगठनों का पूरी दुनिया को मिलकर विरोध करना चाहिए। साथ ही इन देशों ने खुलकर कहा है कि इजरायल की रक्षा के लिए वे उसके साथ खड़े रहेंगे। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हमास को बता दिया है कि युद्ध शुरू उन्होंने नहीं किया लेकिन खत्म वही करेंगे।

हमास ने दी बंधकों को मारने की धमकी
हमास का दावा है कि उसके पास इजरायल के इतने लोग बंधक हैं कि नेतन्याहू सोच भी नहीं सकते। अब हमास इन बंधकों को मारने की धमकी भी दे रहा है। हमले के दौरान भी हमास ने कई लोगों को बंधक बनाया और बाद में हत्या कर दी। वहीं ज्यादातर जगहों पर सड़कों पर और लोगों के घरो में घुसकर कत्लेआम किया गया। उन्होंने महिला, बुजुर्ग या बच्चे की परवाह नहीं की। गाजा के सीमाई गांव किबुज में कम से कम 100 लोगों को मार दिया गया जबकि वहां की आबादी ही 1000 है। वहीं गाजा पट्टी के पास चल रहे एक नेचर पार्टी में 250 से ज्यादा लोगों को आतंकियों ने मार डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *