रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर से गौधाम योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेश में 29 गौधामों का उद्घाटन किया जाएगा। राज्य सरकार ने घुमंतू और निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में 1460 गौधाम स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। प्रत्येक गौधाम में करीब 200 गौवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनके संरक्षण और देखभाल को बेहतर बनाया जा सके।
PM किसान निधि की 22वीं किस्त जारी, 1 लाख किसानों के खाते में आए 20 करोड़
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते शुक्रवार असम के गुवाहाटी से देश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी कर दी है। इस योजना के तहत बिलासपुर जिले के 1 लाख 108 पात्र किसानों के बैंक खातों में 20 करोड़ 17 लाख रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। राशि मिलते ही किसानों में खुशी की लहर है और उन्होंने इसे अपनी खेती-किसानी में बड़ी मदद बताया।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। शुक्रवार को गुवाहाटी में आयोजित किसान सम्मेलन के जरिए यह किस्त देशभर में जारी की गई। बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी शामिल हुए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें।
कार्यक्रम में कृषि उपसंचालक पीडी हाथेश्वर ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया और किसानों को ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा। इस अवसर पर संयुक्त संचालक कृषि राजेंद्र कुमार राठौर, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गीत शर्मा और अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में किसानों को अन्य हितैषी योजनाओं और तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई।
हाईकोर्ट ने निर्धारित की 31 सिविल जजों की सीनियरिटी
बिलासपुर। राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा 24 जनवरी 2025 को संशोधित चयन सूची जारी करने के बाद, हाईकोर्ट ने 31 सिविल जजों की सीनियरिटी निर्धारित कर दी है। यह निर्णय दो संबंधित प्रकरणों में घोषित आदेश के आधार पर लिया गया।
जारी सूची में सीनियरिटी के अनुसार कुछ प्रमुख नियुक्तियाँ इस प्रकार हैं:
- प्रीति झा – सिविल जज, घरघोड़ा
- कीर्ति कुजूर – सिक्स्थ सिविल जज, रायपुर
- शोआ मंसूर – सिविल जज, पाली
- निहारिका तिवारी – चतुर्थ सिविल जज, जगदलपुर
- हर्षवर्धन जायसवाल – सेकेंड सिविल जज, दंतेवाड़ा
- देवेन्द्र कुमार दीक्षित – सिविल जज, लोरमी
- विवेक कुमार टंडन – सेवेंथ सिविल जज, रायपुर
- कांची अग्रवाल – सिविल जज, देवभोग
- श्वेता अवस्थी – सिविल जज, गरियाबंद
- पूजा मंडावी – फर्स्ट सिविल जज, सीतापुर
- खुशबू जैन – सिविल जज, गरियाबंद
- सोम्या राय – सिविल जज, केशकाल
- विनय साहू – प्रताहम सिविल जज, सरायपाली
- प्रेरणा वर्मा – सिविल जज, बिलाईगढ़
- सुरभि धनगढ़ – फर्स्ट सिविल जज, बिलासपुर
- सागर चन्द्राकर – फर्स्ट सिविल जज, कटघोरा
- आकांशा खलखो – सिविल जज, खैरागढ़
- दीक्षा देशलहरे – चतुर्थ सिविल जज, रायपुर
- अमन मनजीत जांगडे – सिविल जज, बसना
- माधुरी मरकाम – थर्ड सिविल जज, राजनांदगांव
- सौरभ बारा – सिविल जज, पिथौरा
- विकास खांडे – फर्स्ट सिविल जज, रायपुर
- टिग्गा – सिविल जज, सचिव जिला विधिक सेवा, कवर्धा
- निलेश कुमार बघेल – सिविल जज, कुरूद
- दंतेश्वरी नेताम – फर्स्ट एडिशनल सिविल जज, राजनांदगांव
- हेमंत राज – सिविल जज, करतला
- मनीषा ठाकुर – 19वीं सिविल जज, रायपुर
- अरिनान्दम नराई – सिविल जज, अंबिकापुर
- योगिता कंवर – सिविल जज, जनकपुर
- सविता रक्सेल – 12वीं सिविल जज, रायपुर
- ऋचा यादव – सिविल जज, तखतपुर
यह सूची न्यायिक कार्यों में सीनियरिटी और पदोन्नति के लिए मार्गदर्शक होगी।
ढाबा में देर रात नशे में धुत्त युवकों ने मचाया उत्पात
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के सिंह ढाबा में देर रात नशे में धुत्त छह युवकों ने उत्पात मचाया। बाइक पर सवार होकर ढाबा पहुंचे युवकों ने ढाबे की तोड़-फोड़ की और वहां भगदड़ मचा दी। जानकारी के अनुसार, घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
PM आवास निर्माण में लापरवाही, दो पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी
रायगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में सीईओ जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत लैलूंगा के ग्राम पंचायत चिराईखार के पंचायत सचिव श्याम लाल सिदार और ग्राम पंचायत बैस्कीमुड़ा के पंचायत सचिव अशोक कुमार पटेल को “कारण बताओ” नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम पंचायत बैस्कीमुड़ा में कुल 131 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 128 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि मिल चुकी है। इसके बावजूद केवल 2 आवास पूर्ण हुए हैं, 38 आवास प्लिंथ लेवल तक पहुंचे हैं और 82 आवासों का निर्माण अभी तक शुरू भी नहीं हुआ।
इसी प्रकार, ग्राम पंचायत चिराईखार में 113 आवास स्वीकृत थे, जिनमें से 107 हितग्राहियों को प्रथम किश्त मिल चुकी है। इसके बावजूद एक भी आवास पूर्ण नहीं हुआ, 16 आवास प्लिंथ लेवल तक हैं और 87 आवासों का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने, उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के दौरान दुर्व्यवहार और पदीय कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के कारण दोनों सचिव प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैं। इस संबंध में पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) और (3) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि सचिव प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर लिखित और प्रमाण सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब न देने की स्थिति में एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी नोटिस में दी गई है।
कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही पर प्रधान आरक्षक और चौकी प्रभारी लाइन अटैच
रायगढ़। चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के बरपाली जंगल में 11 मार्च को जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के बावजूद चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी द्वारा मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रायगढ़ ने नाराजगी जताई और रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तुरंत जुआ रेड कराई। कार्रवाई में चार जुआरी पकड़े गए, जिनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 10,600 रुपये नकद जब्त किए गए।
सूचना संकलन में कमी और पदीय कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट और चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। इसके साथ ही थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को चौकी रैरूमाखुर्द का प्रभारी नियुक्त किया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब या अन्य अवैध गतिविधियों के संचलन पर संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और ऑपरेशन आघात के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
1 अप्रैल तक कर सकते है अग्निवीर थल सेना भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन
सक्ति। भारतीय अग्निवीर थल सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क-स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेडमेन के पदों पर आवेदन लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, भर्ती रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अनिवार्य योग्यता 8वीं, 10वीं और 12वीं है, और उनका जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन https://joinindianarmy.nic.in/ पर करना अनिवार्य है।
इसके अलावा, भारतीय थल सेना में सिपाही (फर्मा) पदों के लिए अविवाहित पुरुष आवेदकों की आयु 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की संभावना 01 जून 2026 से 10 जून 2026 के बीच है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर (0771-2965212) या जिला रोजगार कार्यालय, सक्ती (9424252156) पर संपर्क कर सकते हैं।
