टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने के लिए यशस्वी जायसवाल की तारीफ की है। उन्होंने भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट से आग्रह किया है कि यशस्वी जायसवाल को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू करने का मौका मिलना चाहिए। यशस्वी ने 89 की औसत से 712 रन इस सीरीज में बनाए। उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला।
स्टार स्पोर्ट्स के शो फॉलो द ब्ल्यूज में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन पर मोहम्मद कैफ ने कहा, “सैंपल साइज बहुत छोटा है, लेकिन हम कई सालों से जयसवाल को देख रहे हैं। हमने उन्हें रणजी ट्रॉफी और आईपीएल में उनको बल्लेबाजी करते हुए देखा है। उन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और वह एक अविश्वसनीय खिलाड़ी हैं।” कैफ ने आगे जायसवाल को लेकर कहा कि उनको ओडीआई डेब्यू का मौका भी मिलना चाहिए।
कैफ ने कहा, “उन्होंने अभी तक अपना वनडे डेब्यू नहीं किया है। उन्हें वनडे डेब्यू भी दीजिए। वह हर प्रारूप के खिलाड़ी हैं, चाहे आप वनडे, टी20 या टेस्ट की बात करें। एक बल्लेबाज के रूप में, उनके पास रक्षात्मक और आक्रमणकारी दोनों तकनीकें हैं।” कैफ ने नोटिस किया कि जायसवाल ने जिस तरह से जेम्स एंडरसन पर अटैक किया, उसने दिखाया है कि उनके अंदर बहुत क्षमता है। जायसवाल ने एक-एक ओवर में तीन-तीन छक्के जड़े।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “जब वह मन बना ले और जरूरत पड़े तो वह पहले से छठे या सातवें गियर में जा सकता है। टेस्ट मैच में एंडरसन की तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाना दिखाता है कि वह कितने सक्षम बल्लेबाज हैं।” पांच मैचों की सीरीज के दौरान जायसवाल ने 26 छक्के लगाए। उन्होंने राजकोट में तीसरे टेस्ट की भारत की दूसरी पारी में अपनी नाबाद 214 रन की पारी के दौरान एंडरसन पर लगातार तीन छक्के लगाए।
