रायपुर लोकसभा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल बोले- मैंने खुद के लिए नहीं, कमल के लिए मांगा है वोट

रायपुर : बीजेपी रायपुर लोकसभा केंद्रीय कार्यालय में रायपुर नगर निगम के भाजपा पार्षदों और छाया पार्षदों की बैठक हुई। इसमें रायपुर लोकसभा प्रत्याशी और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कमल फूल छाप लोगों की जुबान पर होना चाहिए। अपने राजनीतिक जीवन में मेरे लिए पार्टी ही सर्वोपरि रही है। मैंने अपने लिए नहीं कमल निशान के लिए ही जनता से वोट मांगा है। मेरे लिए और हर बीजेपी कार्यकर्ता के लिए पार्टी प्रमुख है।

उन्होंने कहा कि आप सभी छोटे व्यापारी जैसे ठेले, खुमचे, किराना दुकान से सीधा संपर्क कर भाजपा के पक्ष में अपना मत रखें और मतदान करवाने के लिए सहयोग का आग्रह करें। साथ ही मंदिरों, धार्मिक लोगों और सामाजिक प्रमुखों से सहित हमारे दिनचर्या से जुड़े लोगों के समक्ष भी बात रखे। बीजेपी की डबल इंजन की सरकार जनहित के अनगिनत कार्य कर रही है और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से भारत का प्रत्येक नागरिक लाभान्वित हो रहा हैं। अग्रवाल ने सभी पार्षदों की उपस्थिति में अबकी बार 400 पार लिखित टी शर्ट लोकार्पित किया। जिसे रायपुर लोकसभा के कार्यकर्ताओं को वितरित किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि आप सभी को वार्ड स्तर पर कार्ययोजना बनाकर कार्य करना है जिससे हर कार्य सूक्ष्मता से अंतिम इकाई तक आसानी से पहुंचे और एक बेहतर सामंजस्य स्थापित किया जा सके। लोकसभा केंद्रीय कार्यालय में आहूत इस बैठक में रायपुर लोकसभा से सांसद सुनील सोनी, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने भी संबोधित किया। सांसद सुनील सोनी ने कहा की रायपुर लोकसभा की जीत इतनी ऐतिहासिक हो की कभी ना टूटने वाला कीर्तिमान स्थापित किया जा सके। इसके लिए हमको अपने आपको पूरी तरह झोंकना पड़ेगा दिन रात हमे इस तरह को मेहनत करनी है जैसे स्वयं ही प्रत्याशी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *