Sachin Waze Bail: एंटीलिया विस्फोटक मामले में सचिन वाजे को जमानत, कोर्ट ने लगाईं कड़ी शर्तें

Sachin Waze Bail News: मुंबई के चर्चित एंटीलिया विस्फोटक मामले और मनसुख हिरेन हत्याकांड में पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को विशेष एनआईए अदालत से जमानत मिल गई है। विशेष न्यायाधीश चकोर एस. बाविस्कर ने 29 सितंबर 2026 को उनकी जमानत याचिका स्वीकार करते हुए कई सख्त शर्तें लगाईं। अदालत ने लंबे समय से हिरासत, मुकदमे में संभावित देरी और सह-आरोपियों को मिली राहत समेत कई पहलुओं पर विचार किया।

सचिन वाजे की जमानत पर कोर्ट की प्रमुख शर्तें

अदालत के आदेश के मुताबिक, सचिन वाजे को 1 लाख रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और इतनी ही राशि के स्थानीय जमानतदार पर रिहा किया जाएगा। जमानत की प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं:

  • जिला प्रवेश पर रोक: मुख्य गवाहों के बयान दर्ज होने तक वह मुंबई, नवी मुंबई, रायगढ़, ठाणे और पालघर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
  • नए पते की जानकारी: सात दिनों के भीतर इन जिलों से बाहर प्रस्तावित आवास का पता देना होगा।
  • पासपोर्ट जमा: अपना पासपोर्ट एनआईए के पास जमा करना होगा।
  • नियमित हाजिरी: प्रत्येक रविवार दोपहर 12 से 3 बजे के बीच स्थानीय पुलिस स्टेशन में उपस्थित होना होगा।
  • लोकेशन साझा करना: एनआईए या पुलिस के कॉल अथवा वीडियो कॉल पर अपनी लोकेशन बतानी होगी।

शर्तों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

जमानत देने के पीछे अदालत की दलीलें

अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले में यूएपीए के तहत आतंकवादी कृत्य और देश की आर्थिक सुरक्षा को खतरे से जुड़े पहलुओं पर विचार किया। आदेश में कथित विस्फोटक सामग्री, गवाहों के बयानों और अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों का संदर्भ दिया गया।

अदालत ने यह भी ध्यान में रखा कि वाजे 13 मार्च 2021 से हिरासत में हैं, जबकि मामले में करीब 320 गवाह और 14,000 से अधिक पन्नों की चार्जशीट बताई गई है। सुनवाई पूरी होने में लंबा समय लगने की आशंका भी जमानत पर विचार का एक आधार रही। सह-आरोपी प्रदीप शर्मा और सुनील माने को मिली जमानत का पहलू भी सामने आया।

क्या है पूरा मामला ?

मामले के मुताबिक, 25 फरवरी 2021 को दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के पास विस्फोटक से लदी एक एसयूवी कार मिली थी। व्यवसायी मनसुख हिरेन ने दावा किया था कि एसयूवी उनके पास से चोरी हो गई थी। हालांकि, पांच मार्च 2021 को पड़ोसी जिले ठाणे में हिरेन का शव मिला था। कुछ दिन बाद इस मामले में वाजे को गिरफ्तार किया गया।

मुकेश अंबानी के घर के पास एसयूपी किसने खड़ी की?

एनआईए के अनुसार, सचिन वाजे मुकेश अंबानी के आवास के पास एसयूवी कार खड़ी करने में संलिप्त था और इसका मकसद अमीर लोगों में दहशत फैलाना और एक बड़े नेता की ओर से कथित तौर पर तय किए गए 100 करोड़ रुपये की मासिक उगाही के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पैसे वसूलना था। एजेंसी ने दावा किया कि पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा अपनी खोई हुई पहचान भी वापस पाना चाहता था।

सचिन वाजे ने हिरेन की हत्या करने की साजिश रची

एनआईए ने दावा किया कि इसके बाद सचिन वाजे ने हिरेन की हत्या करने की साजिश रची। क्योंकि उसने विस्फोटक मामले में दोष लेने से इनकार कर दिया था और एनआईए के अनुसार उसे एक कमजोर कड़ी माना जा रहा था जो साजिश का खुलासा कर सकता था।