अनोखा प्रदर्शन, तबादले से नाराज होकर सड़क पर लेट कर दे रही धरना

सीहोर. मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी के भेरुंदा ब्लाक के ग्राम लाड़कुई में शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे एक नर्स बीच सड़क पर लेट गई और विरोध प्रदर्शन करने लगी। सड़क पर ऐसा नजारा देख हर कोई हैरान रह गया। सड़क से आने-जाने वाले लोगों की नजर नर्स पर आकर टिक गई। नर्स का आरोप है कि उसका बिना कारण तबादला किया गया है।

बता दें कि यहां के डॉक्टर पर अस्पताल का कबाड़ा बेचने और अस्पताल के डिलीवरी केस में लापरवाही बरतने के मामले में अनेक आरोप लगे थे । लेकिन प्रशासन ने डॉक्टर पर कार्रवाई करने के बजाय नर्स का तबादला कर दिया है।जानकारी के अनुसार लाड़कुई के मुख्य मार्ग पर सुबह तक तो नजरा सामान्य था। बारिश होने के कारण चहल-पहल भी कम थी लेकिन सुबह लगभग 11 बजे यहां के अस्पताल में पदस्थ नर्स सड़क पर लेट गई और विरोध प्रदर्शन करने लगी। बताया गया है कि रीना मालवीय नामक नर्स का तबादला कर दिया गया है, इससे वह काफी नाराज है।

इस ग्राम के शासकीय अस्पताल में लापरवाही के मामले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। यहां के डॉक्टर पर कोरोना काल में दान में मिले सामान को कबाड़ी में बेचने के आरोप भी लगे थे जिसकी जांच चल रही है वहीं अस्पताल में डिलीवरी केस को लेकर भी लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में माना जा रहा था कि डॉक्टर पर प्रशासन कार्रवाई कर सकता है। लेकिन नर्स का अचानक तबादला हो जाने से नर्स नाराज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *