कार को लेकर विवाद में युवक पर पेट्रोल डालकर जलाया

उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में कार को लेकर विवाद में दो भाइयों ने एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक किसी तरह आग बुझाते हुए ऑटो में बैठकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पीड़ित 45 वर्षीय संजय सिंह मूलरूप से राजस्थान के सोरवा जिले के रहने वाले हैं और गुरुग्राम की इंदिरा विकास कॉलोनी में रहते हैं। संजय ने गुरुग्राम में अजीत नाम के शख्स से कार खरीदी थी। इस दौरान पता चला कि वह कार न्यू उस्मानपुर में रहने वाले संदीप जैन के नाम पर है।

पैसे देने के बावजूद नहीं सौंपी कार
कार अपने नाम ट्रांसफर करने के लिए उन्होंने संदीप से बात की तो उसने कहा कि अजीत के पास मेरे 60 हजार रुपये बकाया हैं, उसके देकर कार अपने नाम करा लो। उन्होंने 60 हजार रुपये संदीप को दे दिए। उसके 15 दिन में कार ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद वह मनाली चले गए। कार गुरुग्राम में उनके घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान संदीप आया और दूसरी चाबी से कार को लेकर चला गया।

कई बार घर जाने पर भी वापस नहीं की
संजय के अनुसार, उन्होंने कार वापस मांगने के लिए संदीप को फोन किया तो कहने लगा कि उसका अजीत के साथ कुछ हिसाब है। उस हिसाब को कर दो और कार ले जाओ। वह उसके घर पहुंचे और कहा कि सभी रुपये दे दिए हैं। करीब पांच लाख रुपये लोन के बाकी थे, वह भी जमा कर दिए हैं। लेकिन संदीप और उसके भाई अमित ने उनकी एक नहीं सुनी। वह वापस चले गए। इसके बाद वह कई बार कार वापस मांगने उनके घर गए, लेकिन दोनों भाइयों ने कार वापस नहीं की।

पिटाई करने के बाद आग लगा दी
15 जून को संजय फिर संदीप के घर पहुंचे, जहां दोनों भाइयों से उनकी कहासुनी होने लगी। दोनों भाइयों ने उनकी जमकर पिटाई की। फिर अमित बोतल में पेट्रोल लेकर आया और उनके ऊपर डालकर आग लगा दी। इसके बाद लाठी लेकर दौड़ाने लगे। वह बचने के लिए आग बुझाते हुए भागने लगे। एक ऑटो वाले की मदद से जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचे, जहां उसे उन्हें सफदरजंग रेफर कर दिया गया। पुलिस दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *