केन्द्र सरकार को करना चाहिए सामाजिक सुरक्षा कानून लागू-गहलोत

जयपुर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सम्मानपूर्वक जीवन निर्वाह करने के लिए देश में सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने की जरुरत बताते हुए कहा है कि इसके लिए केन्द्र सरकार को सामाजिक सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए।
श्री गहलोत शनिवार को अपने निवास से मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देशभर में समाज के जरूरतमंद और असहाय वर्ग को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दी जाए जिससे वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन निर्वाह कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह भी किया है।
उन्होंने कहा कि देश में स्वास्थ्य अधिकार भी लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा कानून बनाकर देश की जनता को सूचना, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं रोजगार के अधिकार दिए गए। इसी तर्ज पर राजस्थान में भी स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाकर लागू किया गया है।
श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किये गये नवाचारों की देशभर में चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना जैसी अनूठी पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार करीब एक करोड़ लोगों को न्यूनतम एक हजार रूपए मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *