पुलिस की रेड से मचा हड़कंप! खाली घर से शराब की खाली बोतलें, हजारों ढक्कन और होलोग्राम बरामद

भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर में शराब के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस की कार्रवाई में चौंकाने वाली सामग्री बरामद हुई है। बसंत नगर ग्राम के नारायणपुर में पुलिस ने एक खाली घर से बड़ी संख्या में विदेशी शराब की रॉयल स्टैग और RC ब्रांड के ढक्कन, खाली शराब की बोतलें, होलोग्राम और बार कोड जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की संख्या हजारों में बताई जा रही है।

एक ही घर से इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, ढक्कन और होलोग्राम मिलने के बाद पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में यह सामान घर तक कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, यह अब जांच का अहम बिंदु बन गया है।

 

तीन आरोपियों से जुड़ रहा मामले का कनेक्शन

इस कार्रवाई का कनेक्शन कुछ दिन पहले कोरर पुलिस द्वारा शराब परिवहन के मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से भी जुड़ता दिखाई दे रहा है। तीनों आरोपी फिलहाल जेल में हैं। ऐसे में भानुप्रतापपुर में एक घर से बरामद शराब से जुड़ी सामग्री ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये खाली बोतलें, ढक्कन, होलोग्राम और बार कोड वहां तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे कौन लोग हैं।

नकली शराब तैयार करने की आशंका?

बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि कहीं इन सामग्रियों का इस्तेमाल नकली या मिलावटी शराब तैयार करने के लिए तो नहीं किया जाना था। खास तौर पर नामी ब्रांड की खाली बोतलें, उनके ढक्कन और होलोग्राम मिलने से इस आशंका को बल मिला है।

हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि बरामद सामान का इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जा रहा था। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन सामग्रियों को किस उद्देश्य से रखा गया था और इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था।

जब्त सामग्री में 30 पौवा शराब, हजारों खाली बोतलें और ढक्कन

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे हुए पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5.400 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3,600 रुपए बताई गई है। इसके अलावा क्यूआर कोड (होलोग्राम) के 18 पत्ते, रॉयल स्टैग के होलोग्राम स्टीकर बारकोड व रेट सहित 50 पत्ते, रॉयल चैलेंज के 38 पत्ते और मैकडॉवल नं. 01 के 10 होलोग्राम स्टीकर मिले। आरएस के 39, आरसी के 30 और मैकडॉवल नं. 01 के 10 स्टीकर समेत कुल 105 पत्ता स्टीकर/होलोग्राम बरामद हुए, जिनकी कीमत 59,645 रुपए बताई गई है।

पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की कुल 4,409 खाली बोतलें और पौवे भी जब्त किए हैं। इनमें मैकडॉवल नं. 01 के 2,078 खाली पौवा, 411 खाली बोतल और 107 अद्धी, सिग्नेचर की 61 खाली बोतल, रॉयल स्टैग के 367 खाली पौवा, 121 बोतल और 95 अद्धी, आरसी के 964 खाली पौवा और 87 बोतल तथा आईबी के 103 खाली पौवा और 15 बोतल शामिल हैं। इनकी कीमत 22,045 रुपए बताई गई है। इसके अलावा कार्टून में रखे 170 पेटी खाली पौवे भी मिले हैं, जिनकी कीमत 34 हजार रुपए बताई गई है।

इसी तरह पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड के कुल 3,380 ढक्कन भी बरामद किए हैं। इनमें भूरे रंग के 460 पौवा ढक्कन, मैकडॉवल के 1,500-1,500 पौवा ढक्कन, 300 और 250 बोतल ढक्कन, रॉयल स्टैग के 400 पौवा ढक्कन, रॉयल चैलेंज के 921 अद्धी ढक्कन, 376 और 200 बोतल ढक्कन, रॉयल स्टैग के 37 और 30 बोतल ढक्कन, आरएस के 400 पौवा ढक्कन और आरसी के 700 अद्धी ढक्कन सहित अन्य सामग्री शामिल है।

जांच से खुलेगा पूरे नेटवर्क का राज

अब पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं, इतनी बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें और ढक्कन कहां से आए? होलोग्राम और बार कोड किस स्रोत से हासिल किए गए? इनका इस्तेमाल किसके लिए किया जाना था? क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था?

फिलहाल पुलिस ने सभी बरामद सामग्रियों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि भानुप्रतापपुर में शराब से जुड़ी इस पूरी गतिविधि के पीछे असल कहानी क्या है।