मोदी की अमेरिका यात्रा भारत के साथ संबंधों में बड़ा मील का पत्थर : पुरी

नयी दिल्ली,  केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह भारत-अमेरिका संबंधों में एक बड़ा मील का पत्थर है।
श्री पुरी ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब प्रधानमंत्री पहली बार अमेरिका दौरे पर गए थे, तब भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी और आज यह पांचवे क्रम पर आ गया है।
श्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान की गयी पहल और समझौतों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने की घोषणा की , जो महत्वपूर्ण तथा उभरती हुई प्रौद्योगिकी पर पहल है। इसके अलावा नासा और इसरो 2023 तक मानव अंतरिक्ष उड़ान सहयोग के लिए एक रणनीतिक ढांचा विकसित किया जायेगा।
अमेरिकी कांग्रेस में श्री मोदी के संबोधन पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में उनका संबोधन और वहां मौजूद प्रतिनिधियों का उनसे ऑटोग्राफ मांगना एक विश्व नेता के रूप में उनके कद का प्रमाण है। उन्होंने कहा , “दुनिया भर से केवल कुछ ही लोगों ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। अगर हम इतिहास में देखें तो पता चलता है कि नेल्सन मंडेला और विंस्टन चर्चिल को यह मौका मिला था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *