राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री हरद्वार दुबे का निधन

आगरा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरद्वार दुबे का सोमवार तड़के दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे।
उनके पुत्र प्रांशु दुबे के अनुसार श्री दुबे का निधन प्रातः 4.30 बजे हुआ। अंतिम संस्कार आज ही शाम पांच बजे आगरा के ताजगंज श्मशान घाट पर किया जाएगा।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया। सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा “ राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरद्वार दुबे का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ऊं शांति! ।”
श्री दुबे ने वर्ष 1989 में आगरा छावनी क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और विजयी रहे। उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता कृषि मंत्री डॉ. कृष्णवीर सिंह कौशल को हराया था। वर्ष 1991 में वे फिर से विधायक बने और कल्याण सिंह की सरकार में वित्त राज्य मंत्री बनाए गए। वर्ष 2005 में खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। वर्ष 2011 में आगरा-फिरोजाबाद विधान परिषद सीट से चुनाव हार गए। उन्हें वर्ष 2013 में भाजपा उत्तर प्रदेश का उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाया गया। 26 नवम्बर, 2020 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। वे तीन वर्ष भी सांसद नहीं रह पाए।
श्री दुबे का जन्म एक जुलाई, 1949 को हुसैनाबाद, बलिया, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्होंने आगरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री के रूप में काम किया। उनका विवाह प्रोफेसर कमला पांडे से हुआ। वे भी कई वर्ष से अस्वस्थ चल रही हैं। अजंता कॉलोनी, धौलपुर हाउस, आगरा में उनका स्थाई आवास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *