कड़ाके की ठंड और कोहरे से इस दिन से मिलेगी राहत, यूपी में बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की मार से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में अगले दो दिनों तक बहुत घने से घना कोहरा, कोल्ड डे की स्थिति रहेगी और उसके बाद हालात में सुधार आएगा।

उत्तराखंड, पंजाब में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है, जबकि यूपी, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में मिनिमम टेम्प्रेचर इस समय 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। आज सबसे कम तापमान हरियाणा के हिसार में रहा, जहां 3.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, नॉर्थवेस्ट राजस्थान में घना कोहरा देखने को मिला।

मौसम विभाग ने बताया है कि कल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र का मौसम फिर से बदलने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी होगी। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर में 28 से 31 जनवरी के बीच तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी से दो फरवरी के बीच हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है।