अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक एक बार फिर विवाद में फंस गए हैं। इंटरनेशनल लीग टी20 ने उनपर प्रतिबंध लगा दिया है। नवीन को शारजाह वॉरियर्स के साथ अपने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने के लिए इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) द्वारा 20 महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।
शारजाह वॉरियर्स के साथ टूर्नामेंट के पहले सीजन में अनुंबध हासिल करने वाले नवीन को एक और साल के विस्तार की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने दूसरे सीजन के लिए रिटेंशन नोटिस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। पहले सीजन में उनके दमदार प्रदर्शन को देखते हुए शारजाह अनुबंध में निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत नवीन को दूसरे सीजन के लिए भी रिटेन करना चाहते हैं।
हालांकि इससे नवीन उल हक और शारजाह वॉरियर्स के बीच विवाद बढ़ गया। जिसे सुलझाने के लिए टीम ने ILT20 को बुलाया। लेकिन इससे भी बात नहीं बनी और आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ा। मामला नहीं सुलझने की वजह से ILT20 ने तीन सदस्यीय अनुशासनात्मक समिति गठित की और मामले की जांच शुरू की।
अनुशासन समिति द्वारा मामले की जांच के बाद नवीन उल हक को ILT20 ने 20 महीने का प्रतिबंध लगाया। नवीन अपने समझौते के दायित्व का पालन करने में विफल रहे हैं। आईएलटी20 के सीईओ डेविड व्हाइट ने कहा, ”हमें यह ऐलान करने में गर्व नहीं है लेकिन सभी पक्षों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी अनुबंध संबंधी प्रतिबद्धताओं का पालन करें और यह समझे कि गैर-अनुपालन से दूसरे पक्ष को नुकसान हो सकता है। नवीन उल हक दुर्भाग्य से शारजाह वॉरियर्स के साथ अपने अनुबंध संबंधी दायित्वों का पालन करने में विफल रहे, और ऐसे में लीग के पास उन पर 20 महीने का प्रतिबंध लगाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।”