खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त 8 वाहन जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कसा है। टीम ने अवैध खनन और परिवहन में लगे 8 वाहनों के साथ ही मशीनों को भी जब्त किया है। इतना ही नहीं एक कोयला डीपो को भी सील कर दिया गया है।

बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की खनिज टीम को गतौरी गांव स्थित बालाजी कोल ट्रेनिंग एंड कंस्ट्रक्शन के कोयला भंडारण डिपो में कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और भंडारण शर्तों का उल्लंघन की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद जब टीम ने छापा मारा, तो शिकायत सही पाई गई।

इस दौरान मौके से 01 ट्रेलर और 01 जेसीबी मशीन जब्त किया गया। साथ ही अनियमितता मिलने पर संचालित भंडारण डिपो को तत्काल सील कर दिया गया। जब्त वाहन और मशीन को कोनी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।

इसी कड़ी में सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में सघन जांच अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन करने वालों पर कार्रवाई की गई है। दर्री-विजयपुर क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन करते 01 हाइवा, सकरी क्षेत्र में रेत परिवहन करते 01 हाइवा और गिट्टी परिवहन करते 01 अन्य हाइवा को पकड़ा गया। वहीं खोंगसरा क्षेत्र में अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन करते 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।