लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में एक ही घर के भीतर महिला और पुरुष की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया है। पूरा मामला खुड़िया वन क्षेत्र के पटपरहा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक घर के भीतर 50 वर्षीय संतराम बैगा की लाश फांसी के फंदे पर लटकती हुई मिली, तो वहीं 40 वर्षीय रामकली की लाश भी बरामद की गई है। आशंका जताई जा रही है कि रामकली की मौत जहर का सेवन करने की वजह से हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है।

आसपास के लोगों की मानें तो पूरा मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने मौत को गले लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।