ट्रेन हादसा: खड़ी मालगाड़ी के नीचे से गुजरते समय अधेड़ की मौत
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी से कटकर अधेड़ की मौत हो गई। स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी को नीचे से रेंगकर पार करने के दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिसकी चपेट में आने से लगभग 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र न मिलने के कारण फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान उक्त व्यक्ति शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में मालगाड़ी के नीचे से होकर पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक ट्रेन को सिग्नल मिल गया और वह आगे बढ़ गई। व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे पहियों की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई।
शव की शिनाख्त के लिए जीआरपी की अपील घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।