तेज़ रफ्तार का कहर: मोहला-मानपुर में कार पलटी, 10 लोग घायल; बिलासपुर में कार-ऑटो भिड़ंत में महिला की मौत

मोहला-मानपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लगभग हर दिन कहीं न कहीं तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान ले रही है। वहीं आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में कार पलटने से 10 लोग घायल हो गए, जबकि एक दिन पहले इसी हाईवे पर तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर बिलासपुर में कार और ऑटो की टक्कर में एक महिला की जान चली गई। लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NH-930 पर कार पलटी, एक ही परिवार के 10 लोग घायल

मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-930 पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमानसुर के पास एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 10 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि सभी लोग बालोद जिले के भरदा कला गांव के निवासी हैं और बस्तर के कांकेर जिले के ग्राम शिलपट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से लौटते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

एक दिन पहले भी इसी हाईवे पर तीन महिलाओं की हुई थी मौत

बता दें कि नेशनल हाईवे-930 पर खड़गांव थाना क्षेत्र में एक दिन पहले भी बड़ा हादसा हुआ था। एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था, जिसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। इनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर हादसों से आक्रोशित ग्रामीण नवनिर्मित हाईवे में बदइंतजामी का आरोप लगाते हुए क्षेत्रवासी ग्रामीण अब व्यवस्था नहीं सुधारने पर भविष्य मे आंदोलन करने की बात कह रहे हैं।

कार-ऑटो भिड़ंत में महिला की मौत, कई घायल

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान ब्रिज के पास तेज रफ्तार कार ने सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मामले में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *