दुर्ग में खौफनाक वारदात: होटल में चाय पी रहे बीजेपी नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

दुर्ग। जिले में चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई है। रिसाली नगर निगम के वार्ड 37 जोरातराई में शनिवार सुबह एक भाजपा नेता पर युवक ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

 

होटल में चाय पीते समय किया हमला

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई के एक स्थानीय होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने उनके गले पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल राजेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सेक्टर-9 अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

चार साल पहले थी आरोपी से दोस्ती

बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव की आरोपी युवक से करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि लंबे समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं थी। हमले की वजह को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

स्थानीय स्तर पर इस घटना को रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी हमले के पीछे चुनावी विवाद को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ है। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।