जशपुर/अंबिकापुर/कोरबा. छत्तीसगढ़ में सड़कों पर हो रही दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. इसमें हिट एंड रन के दो मामले शामिल हैं. अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं. जशपुर में बोलेरो ने स्कूटी सवार को रौंद दिया, जिससे स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कोरबा में ट्रैक्टर की चपेट में आने के बाद एक्टिवा सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को रौंदा
जशपुर में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया. दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया है. मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस को जानकारी दी. युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे मृत घोषित कर दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक ने गंवाई जान
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति मुख्य मार्ग पर आमापाली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर (क्रमांक CG 11 AH 8945) ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे युवक की जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर 112 की टीम और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. टीम ने घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, हालांकि उसके पास मिले दस्तावेज में रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान का नाम दर्ज है. पुलिस दस्तावेजों के आधार पर पहचान की पुष्टि करने में जुटी है. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. थाना से करीब 500 मीटर दूर रामगढ़ ढाबा के पास कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. जानकारी के अनुसार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
हिट एंड रन केस : डॉक्टर को कुचलने की कोशिश
कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया-उमेंदीभांठा मार्ग पर हिट एंड रन का केस सामने आया है. कार से टक्कर के कारण जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनकी पसली की दो हड्डियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया.
डॉ. डिक्सेना ने आरोप लगाया है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी नाबालिग चालक ने वाहन को पीछे कर उन पर चढ़ाने की भी कोशिश की. जान बचाने के लिए उन्हें सड़क छोड़कर खेत की ओर भागना पड़ा. घटना के बाद उन्होंने हरदीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी नाबालिग के वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है.