पेट्रोल पंप पर मारपीट: स्कूल ड्रेस में पहुंचे नाबालिगों ने दो छात्रों को बेरहमी से पीटा

बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अंबा पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगने और कथित तौर पर टिप्पणी (कमेंट) करने को लेकर शुरू हुए विवाद में स्कूल ड्रेस पहने दो नाबालिगों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दो छात्रों के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना का CCTV वीडियों भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र पेट्रोल भरवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लाइन में लगने और कथित कमेंट को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने छात्रों पर हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने तारबहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।