पेड़ की छांव में सुशासन की चौपाल: लखपति दीदियों का हौसला देख भावुक हुए CM साय; बोले—“लखपति से अब करोड़पति की ओर बढ़ना है”, ग्रामीणों की मांग पर विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर। मई की तपती गर्मी में आज लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत दूरस्थ गांवों के औचक दौरे पर रहे। कबीरधाम ज़िले के पंडरिया स्थित लोखान पंचायत में आज मुख्यमंत्री का आगमन हुआ। इस अवसर पर वे बैगा बाहुल्य कमराखोल में पीएम जनमन योजना के तहत हुए कार्यों का निरीक्षण किए और वहीं पास में आम के पेड़ों के नीचे अपनी चौपाल लगा लिए। अपने बीच मुख्यमंत्री को देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। बीरनमाला, कमल के फूल से मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन करते हुए ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।

आम के पेड़ों के नीचे सजी CM की चौपाल

इस दौरान महतारी शक्ति को सामने बैठा देख मुख्यमंत्री ने पूछ लिया, “कितनी महतारी यहाँ लखपति हो गई हैं?” एक साथ अनेक हाथ हवा में उठ गए। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सबको करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने बारी-बारी से लखपति दीदियों से बातचीत की।

यहां जंगल से बीन कर लाए महुआ और चार को मुख्यमंत्री साय को उपहार के रूप में देते हुए कुकदूर की लखपति दीदी कचरा तेलगाम ने मुख्यमंत्री से कहा कि महुआ का पौष्टिक लड्डू बनाकर खाइएगा, वरना मैं बनाकर दूँगी। मुख्यमंत्री भी उनकी आत्मीयता देख भाव-विभोर होकर मुस्कुराते हुए बोले कि घर जाकर बनवाकर खाऊँगा।

लखपति दीदियों ने साझा की सफलता की कहानी

कचरा तेलगाम दीदी आसपास के गांवों में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों में सेंट्रिंग प्लेट लगाती हैं और इससे उन्हें एक साल में 80 हज़ार की आय हुई है। उन्होंने कहा कि आज चौपाल लगा देख वे साहस कर वहाँ पहुँचीं और मुख्यमंत्री के लिए भेंट स्वरूप जंगल से बीने महुआ और चार दिया।

वहीं डीलर दीदी रजमत बाई धुर्वे ने बताया कि वे प्रधानमंत्री आवासों के लिए मटेरियल सप्लाई का काम करती हैं। उन्हें सालाना 2.50-3 लाख का मुनाफा हुआ है। लखपति पशु सखी शिवरानी पटेल का कहना है कि समूह से जुड़कर सीआईएफ से उन्होंने व्यवसाय के लिए ऋण लिया और अपने खेत में सब्जी-भाजी लगाई। उन्हें सालाना डेढ़ लाख की आय हो रही है। बिहान योजना से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए धन्यवाद स्वरूप उन्होंने अपने खेत की सब्जियां टोकरी में मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने भी सभी दीदियों से बात कर प्रोत्साहित किया कि इसी तरह मन लगाकर काम करिए और आर्थिक रूप से सशक्त होइए।

गौरतलब है कि लोखान पंचायत में 58 लखपति दीदियां हैं, जो विभिन्न व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

CM ने नौनिहाल का किया नामकरण, आशीर्वाद स्वरूप नेग भी दिया

आज अपने नौनिहाल बच्चे के साथ ऋषि बघेल भी चौपाल पहुँचीं। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री से एक ही गुहार लगाई कि उनके बच्चे का नामकरण कर दें। इस दौरान बच्चे को गोद में लेकर दुलारते हुए मुख्यमंत्री साय ने पूछा कि कब हुआ है इसका जन्म? तब माँ ने बताया कि रविवार के दिन। मुख्यमंत्री ने बच्चे को स्नेह से देखते हुए नाम रविशंकर बघेल रखा और आशीर्वाद स्वरूप 500 रुपये भी दिए। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भी बच्चे को 500 रुपये अपनी ओर से आशीर्वाद स्वरूप दिए। मुख्यमंत्री द्वारा नवजात का नाम रखते ही चौपाल में तालियां गूंज उठीं।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन

आज कबीरधाम के पंडरिया के लोखान पंचायत के ग्राम कमराखोल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की चौपाल को देख वहाँ से गुजर रहे राजेंद्र मसराम और उनके पिता भी रुक गए। इस दौरान बातचीत में पता चला कि छिरहा के रहने वाले इस मेधावी बच्चे ने इस साल हाई स्कूल में 94.5% अंक के साथ ज़िले में नौवाँ स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने उन्हें खुश होकर पेन दिया और पूछा, “बड़ा होकर क्या बनना चाहते हैं?” इस पर उन्होंने बड़ा होकर आईएएस बनने के सपने को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें खूब सारी शुभकामनाएँ दीं ताकि वे अपना सपना पूरा कर सकें। यहाँ कमराखोल के बैगा बस्ती की कक्षा नवमी की बालिका भी चौपाल में मुख्यमंत्री से मिली और बताया कि आज पीएम जनमन से बने उनके आवास में मुख्यमंत्री पहुंचे थे। वहाँ मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पाई, इसलिए वे चौपाल में पहुँचीं। इस साल यह बच्ची हेम कुमारी 75% अंक कक्षा नौवीं में लाई। सीएम ने आगे भी मन लगाकर पढ़ने की सलाह और बधाई देते हुए पेन दिया।

ग्रामीणों की मांग पर कई विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज चौपाल लगाकर शासकीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और प्रसन्न दिखे कि दूरस्थ अंचल तक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर कमराखोल में मिशन तालाब गहरीकरण (ट्यूबवेल के साथ), रामखिलावन के घर से ग्राम देवसरा तक मिट्टी-मुरुम सड़क (लगभग 6 किलोमीटर), सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम शेड निर्माण और महतारी सदन (स्व-सहायता समूह की महिलाओं की मांग पर) की घोषणा की।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल और ग्रामीण चौपाल में उपस्थित रहे।