जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड की मुश्किल बढ़ती जा रही है। जी एंटरटेनमेंट ने शुक्रवार को बताया कि वॉल्ट डिजनी के स्वामित्व वाले स्टार इंडिया ने क्रिकेट प्रसारण समझौते की शर्तों का कथित तौर पर पालन न करने के लिए मध्यस्थता कार्यवाही शुरू की गई है। यह कदम जी एंटरटेनमेंट के खिलाफ उठाया गया है। इस खबर के बाद जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में शुक्रवार को 4% की बड़ी गिरावट आई। यह शेयर गिरकर 141.20 रुपये पर आ गया।
2022 का मामला
अगस्त 2022 के समझौते के तहत, स्टार इंडिया को इस साल से शुरू होने वाले चार साल के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कार्यक्रमों के लिए टेलीविजन प्रसारण अधिकारों का लाइसेंस जी एंटरटेनमेंट को देना था। हालांकि, जी एंटरटेनमेंट ने 1.4 बिलियन डॉलर का सौदा यह कहते हुए छोड़ दिया कि वह भुगतान करने की स्थिति में नहीं है। अब स्टार इंडिया ने कंपनी से 26 अगस्त के गठबंधन समझौते की शर्तों का पालन न करने पर हर्जाना देने को कहा है। इस बीच, जी एंटरटेनमेंट ने कहा कि वह आवेदन में स्टार द्वारा दिए गए कथनों से असहमत है और उक्त आवेदन पर उचित कार्रवाई करेगा।
₹190 है टारगेट प्राइस
हाल ही में, वैश्विक ब्रोकिंग फर्म यूबीएस ने जी एंटरटेनमेंट पर अपना सतर्क रुख बनाए रखा और कहा कि मूल्यांकन में बढ़ोतरी की बहुत कम गुंजाइश है। ब्रोकरेज ने जी एंटरटेनमेंट के स्टॉक पर ‘तटस्थ’ रेटिंग की सिफारिश की, लेकिन इसके टारगेट प्राइस को पहले के ₹260 प्रति शेयर से घटाकर ₹190 कर दिया।
बता दें कि दो साल की बातचीत के बाद जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स के प्रस्तावित 10 बिलियन डॉलर की विलय योजना रद्द कर दी गई है। इसके बाद कई ब्रोकरेज ने पहले ही जी एंटरटेनमेंट के शेयरों को डाउनग्रेड कर दिया है। इसके अतिरिक्त सोनी ने $90 मिलियन से अधिक मूल्य की समाप्ति शुल्क की भी मांग की है।
जी एंटरटेनमेंट के मैनेजमेंट में बदलाव
हाल ही में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज के मैनेजमेंट में बदलाव हुआ है। जी एंटरटेनमेंट ने राहुल जौहरी के इस्तीफे और प्रबंध निदेशक (एमडी) तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुनित गोयनका द्वारा लागू प्रसारण व्यवसाय के राजस्व कार्यक्षेत्र में भी बदलाव की घोषणा की। जौहरी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज लिमिटेड के अध्यक्ष थे और राजस्व तथा मुद्रीकरण व्यवसाय के भी प्रमुख थे। उन्होंने तीन साल से अधिक समय के कार्यकाल के बाद इस्तीफा दिया है। इसके अलावा जी एंटरटेनमेंट ने प्रसारण व्यवसाय के राजस्व क्षेत्र में भी अहम बदलाव की घोषणा की। अब विज्ञापन राजस्व के मुख्य विकास अधिकारी आशीष सहगल सीधे एमडी और सीईओ को रिपोर्ट करेंगे।
