सूरजपुर। छत्तीसगढ़ की सूरजपुर पुलिस एक बार फिर से विवादों में है। पुलिस पर शराब के नशे में कथित मारपीट और बदसलूकी करने के गम्भीर आरोप लगे हैं। पीड़ितों ने SP ऑफिस में इसकी शिकायत की है, जिसके बाद इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही गई है।
शिकायत लेकर SP ऑफिस पहुंचे पीड़ित
दरअसल, चन्द्रमेढा गांव के रहने वाला विजय दुबे अपनी मां उर्मिला दुबे के साथ शिकायत करने एसपी कार्यालय सूरजपुर पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि वह जब अपने घर से जरही की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में पलमा चौक पर चेंद्रा चौकी के पुलिसकर्मी आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप
वहीं जब पीड़ित उनके पास पहुंचा तो वह किसी बात को लेकर नाराज हो गए और ज्यादा बोलता है कि बात कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। इस मारपीट में उसके हाथ में गम्भीर चोट आई है। वहीं शराब के नशे में पीड़ित की मां के साथ भी पुलिसकर्मियों की ओर से मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप है।