50 लाख के गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद. जिले में पुलिस ने 50 लाख के गांजा के साथ दो आरोपियों को धर दबोचा है. वहीं 5 तस्करों को 9 ग्राम हीरोइन व 1500 नग नशीली इंजेक्शन एवं 2000 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.

मुखबिर की सूचना पर महासमुंद की कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 100 किलो गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गांजा तस्कर विवेक जाधव उम्र 33 वर्ष निवासी अमरावती महाराष्ट्र, रोशन इंगले उम्र 30 वर्ष निवासी अमरावती महाराष्ट्र ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे. जब्त गांजे की कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस दोनों गांजा तस्करों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है.

वहीं महासमुंद की बागबाहरा पुलिस व सायबर सेल ने 5 तस्करों को 9 ग्राम हीरोइन व 1500 नग नशीली इंजेक्शन एवं 2000 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त हीरोइन व प्रतिबंधित दवाओं की कीमत 425040 रुपए आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों में से तीन ओडिशा एवं दो सरायपाली महासमुंद के रहने वाले हैं. सभी आरोपी बिहार से लेकर आ रहे थे और भिलाई, रायपुर लेकर जा रहे थे, जिन्हें पुलिस ने बागबाहरा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *