छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव, CM साय ने सिंगापुर की कंपनी को सौंपा ‘इन्वेस्टमेंट इनविटेशन लेटर’

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के वैश्विक नक्शे पर बड़ी दस्तक दी है। सिंगापुर में आयोजित पहले SING Forum 2026 में राज्य को कुल 43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव मिले, जिसमें 41,750 करोड़ का 100 मेगावाट हाइपरस्केल डेटा सेंटर शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global Pte Ltd को परियोजना के लिए औपचारिक ‘Invitation to Invest’ (निवेश आमंत्रण पत्र) सौंपा।

यह निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ के पारंपरिक औद्योगिक आधार से आगे बढ़कर डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नई प्रौद्योगिकी के केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इतनी बड़ी डेटा सेंटर परियोजना से राज्य की डिजिटल क्षमता बढ़ने के साथ नई तकनीकी कंपनियों और निवेशकों के लिए भी अवसर बढ़ सकते हैं।

SING Forum में मिले निवेश प्रस्तावों से छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के बढ़ते भरोसे का संकेत मिलता है। 43,250 करोड़ के ये प्रस्ताव राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि हैं और डिजिटल क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।